गोंडा। जिले के मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर बुधवार को एक कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आई बिल्ली को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसा मनकापुर-नवाबगंज रोड स्थित माधवपुर क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार सड़क किनारे लगे बिजली के दो खंभों से टकराने के बाद खाई में जा पलटी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों खंभे टूट गए और आसपास के क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बिजली के खंभे टूटने से आसपास के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन तथा खंभों की मरम्मत का कार्य शुरू किया। विभागीय अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर वाहनों को सावधानीपूर्वक चलाने की अपील की है, क्योंकि इस मार्ग पर अक्सर पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।


