– नोटिस अवधि समाप्त
वाराणसी। काशी रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य को लेकर गंज शहीदा मस्जिद से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। रेलवे प्रशासन द्वारा मस्जिद परिसर पर चस्पा किए गए नोटिस की समय सीमा 20 जून को समाप्त हो चुकी है, लेकिन अब तक परिसर खाली नहीं कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत संबंधित पक्षों को निर्धारित समय के भीतर स्थल खाली करने का निर्देश दिया था। नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद अब किसी भी समय प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
उधर, अंजुमन मसाजिद कमेटी की ओर से भी मस्जिद परिसर पर नोटिस चस्पा किया गया है। मस्जिद प्रबंधन समिति का कहना है कि रेलवे द्वारा जारी नोटिस भ्रामक है और मामले में उनके पक्ष को पूरी तरह नहीं सुना गया है। समिति ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए अपने अधिकारों की रक्षा की बात कही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि काशी स्टेशन के विस्तारीकरण और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए आसपास के अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है। इसी क्रम में लगातार अभियान चलाकर विभिन्न स्थलों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।


