नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग और सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। अधिकारियों ने एक भारतीय यात्री के पास से करीब 34 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। मामले में आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री कुआलालंपुर से दिल्ली पहुंचा था। जांच के दौरान उसके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई। अधिकारियों को बैग के भीतर विशेष पैकिंग में छिपाए गए चार पैकेट मिले, जिनमें लगभग 7 किलोग्राम हेरोइन पाई गई।
जांच एजेंसियों ने हेरोइन के साथ इस्तेमाल किए गए पैकिंग मैटेरियल को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़ा मामला माना जा रहा है।
अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे देश में किसे पहुंचाया जाना था।
सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


