– अधिकांश नालों में पानी का सुचारू प्रवाह मिला
– सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात कराया गया सामान्य
फर्रुखाबाद। लगातार बारिश के बीच नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद प्रशासन ने रविवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कई क्षेत्रों में पहुंचकर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया और जहां भी अवरोध मिले, उन्हें तत्काल हटवाया।
नगर पालिका ने महरूपुर सहजू से बरगदियाघाट तक, बस स्टेशन से बरगदियाघाट व भूसा मंडी से पुलमंडी, पक्का पुल से गुदड़ी की ओर, तैलैया फजल इमाम से आईटीआई , रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद से ग्राम भीकमपुरा की ओर, मुख्य मार्ग बीबीगंज से करबला की ओर तथा पल्ला गल्ला मंडी से पक्कापुल , आईटीआई से लाल दरवाजा नवाबगंज बस स्टैंड, घेराशाम खां से देवरामपुर गुमटी रेलवे की ओर जाने वाले नालों का निरीक्षण किया गया।
इसके अलावा अतिरिक्त आवास विकास से मसेनी, भोलेपुर से नगला नैन, हाथीखाना से पुलमंडी तथा जाफरी फतेहगढ़ से पुलमंडी की ओर जाने वाले नालों का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि उपरोक्त सभी नालों में पानी सुचारू रूप से बहता हुआ पाया गया। किसी प्रकार की बड़ी रुकावट नहीं मिली।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़क पर गिरे मिले। इन्हें तत्काल हटवाकर आवागमन सुचारू कराया गया। वहीं जेएनवी रोड पर भारी बारिश के कारण दीवार गिरने की सूचना मिली थी। नगर पालिका द्वारा जेसीबी की मदद से दीवार का मलबा हटवाकर यातायात चालू कराया गया।
इसके अतिरिक्त कुछ स्थानों पर प्लॉटिंग का मटेरियल एकत्र पाया गया, जिसे भी तत्काल हटवा दिया गया।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर निगरानी जारी रखने तथा रास्तों में आने वाले अवरोधों को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जा रही है।


