– एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने खनन अधिकारी संजय सिंह को शुक्रवार दोपहर उसके सरकारी आवास से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद खनन विभाग समेत प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मिट्टी खनन की अनुमति देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी ।
जानकारी के अनुसार पूर्व जिला पंचायत सदस्य आदेश यादव निवासी हरसिंहपुर गोवा से 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बताया जा रहा है कि मिट्टी खनन की अनुमति (परमिशन) को लेकर कई दिनों से बातचीत चल रही थी। आरोप है कि अनुमति जारी करने के नाम पर लगातार पैसे की मांग बढ़ाई जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर अधिकारी कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर रिश्वत की रकम ली जा रही थी। आरोप है कि रकम खनन अधिकारी के चालक पंकज के माध्यम से प्राप्त की गई। इसी दौरान पहले से जाल बिछाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को दबोच लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में अवैध खनन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि खनन माफियाओं और कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर खनन कार्य संचालित कराया जाता था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
एंटी करप्शन टीम अब मामले से जुड़े दस्तावेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वतखोरी के इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
घटना के बाद जिले में भ्रष्टाचार और अवैध खनन को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल एंटी करप्शन विभाग की कार्रवाई जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


