लखनऊ। कोडिन युक्त कफ सिरप की अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े चर्चित मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी आरोपी शुभम जायसवाल समेत तीन आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर दिया है। एसटीएफ की जांच में शामिल इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय की तहरीर पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तीनों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार शुभम जायसवाल, वरुण सिंह और गौरव जायसवाल फिलहाल दुबई में छिपे हुए हैं और कोर्ट द्वारा जारी लुकआउट नोटिस तथा गैर-जमानती वारंट के बावजूद भारत लौटकर अदालत में पेश नहीं हो रहे हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने कई राज्यों में कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी का बड़ा नेटवर्क खड़ा कर रखा था। वर्ष 2024 में मामला दर्ज होने के बाद शासन ने इसकी जांच एसटीएफ को सौंप दी थी। कार्रवाई की आहट मिलते ही मुख्य आरोपी देश छोड़कर विदेश फरार हो गए थे। अदालत की ओर से कई बार पेश होने के निर्देश दिए गए, लेकिन आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
एसटीएफ अब तीनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। इस मामले में पहले ही शुभम जायसवाल के पिता भोला सहित कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह, उसके करीबी अमित टाटा समेत कुल 18 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने के लिए पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है।


