होर्मुज स्ट्रेट खुलेगा; तेहरान को मिलेंगे 300 अरब डॉलर
वाशिंगटन/तेहरान। मध्य पूर्व में लंबे समय से जारी तनाव और युद्ध की स्थिति को समाप्त करने की दिशा में अमेरिका और ईरान के बीच एक महत्वपूर्ण 14 सूत्रीय अंतरिम शांति समझौता हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच हुए इस समझौते के तहत ईरान होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए तत्काल कदम उठाएगा, जबकि बदले में उसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिना किसी बाधा के तेल बेचने की अनुमति मिलेगी। साथ ही युद्ध से प्रभावित ईरान के पुनर्निर्माण के लिए कम से कम 300 अरब डॉलर की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है।
समझौते के अनुसार ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा और न ही उसे हासिल करने की दिशा में कोई कदम उठाएगा। इसके बदले अमेरिका ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से हटाने तथा संयुक्त राष्ट्र स्तर पर भी प्रतिबंध समाप्त कराने की दिशा में प्रयास करेगा। दोनों देशों ने एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने तथा आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने पर सहमति जताई है।
अमेरिका और ईरान के बीच हुए इस समझौते को मध्य पूर्व की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे क्षेत्रीय तनाव कम होगा, वैश्विक तेल बाजार को स्थिरता मिलेगी और दुनिया भर में ऊर्जा कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। हालांकि समझौते को लेकर अमेरिका और इजरायल के राजनीतिक हलकों में विरोध के स्वर भी उठने लगे हैं। इसके बावजूद इसे हाल के वर्षों की सबसे महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है, जिसने युद्ध की आशंकाओं के बीच शांति की नई उम्मीद जगाई है।


