फर्रुखाबाद
ग्राम हैदरपुर में स्थित ग्राम पंचायत की सार्वजनिक एवं सामाजिक आस्था से जुड़ी रामजानकी मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटवाने और जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत निवासी एक व्यक्ति ने रामजानकी मंदिर और उससे संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है। इसके चलते मंदिर परिसर में अतिक्रमण बढ़ गया है, जिससे धार्मिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में मंदिर परिसर में होलिका दहन, शादी-विवाह सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते थे, लेकिन कब्जे के कारण इन गतिविधियों पर असर पड़ा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर को पुनः मुक्त कराए जाने से गांव में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।


