लखनऊ। परिवहन विभाग का सारथी पोर्टल लगातार तीसरे दिन भी ठप रहने से ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। पोर्टल में तकनीकी समस्या के चलते लर्नर लाइसेंस से लेकर परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस तक के कार्य अटक गए हैं, जिससे आवेदकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग निर्धारित समय पर दस्तावेजों के सत्यापन और ड्राइविंग टेस्ट के लिए पहुंचे थे, लेकिन पोर्टल काम न करने के कारण उनकी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
पोर्टल बंद होने से नए लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस, स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस, आवेदन सत्यापन, स्लॉट बुकिंग और अन्य ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा, जिससे उनमें नाराजगी देखी गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और संबंधित एजेंसी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पोर्टल पूरी तरह से कब तक सामान्य होगा।
लगातार तीन दिनों से सेवाएं बाधित रहने के कारण लंबित आवेदनों की संख्या बढ़ती जा रही है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी दिनों में आरटीओ कार्यालयों पर आवेदकों की भीड़ और बढ़ सकती है। फिलहाल हजारों आवेदक पोर्टल के सुचारु रूप से चालू होने का इंतजार कर रहे हैं।


