कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी ) के सांसद सोमवार को कोलकाता स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) के कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में पूछताछ की जा रही है।
ईडी ने कथित वित्तीय अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाने के लिए अभिषेक बनर्जी को तलब किया था। इसके बाद वह निर्धारित समय पर जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।
पश्चिम बंगाल का शिक्षक भर्ती घोटाला पिछले कुछ वर्षों से राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है। मामले में कई पूर्व और वर्तमान अधिकारियों, नेताओं तथा शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। जांच एजेंसियां भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार, अवैध लेन-देन और धनशोधन के आरोपों की जांच कर रही हैं।
अभिषेक बनर्जी की ईडी कार्यालय में मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा लगातार इस मामले को लेकर राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधती रही है, जबकि टीएमसी का आरोप है कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।
कोलकाता स्थित ईडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच एजेंसी की पूछताछ और उसके बाद सामने आने वाली जानकारी पर अब पूरे राज्य की नजर टिकी हुई है, क्योंकि यह मामला पहले से ही पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है।


