– बिजली विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
कमालगंज (फर्रुखाबाद)। बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रैगाई में 11 हजार वोल्ट की झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार किशोर खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मक्का लादकर अपने घर वापस जा रहा था। रास्ते में काफी नीचे झूल रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन ट्रैक्टर के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते करंट की चपेट में आने से किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने किशोर की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक किशोर की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस हाईटेंशन लाइन से हादसा हुआ, वह लंबे समय से काफी नीचे झूल रही थी। कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन लाइन को दुरुस्त कराने या मेंटेनेंस कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन विभाग ने उनसे कोई सबक नहीं लिया।
घटना के बाद गांव में लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की उदासीनता के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। यदि समय रहते लाइन की मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।


