सामने से आ रही तेज रफ्तार ओमनी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
कानपुर। ककवन थाना क्षेत्र के रहीमपुर विषधन इलाके में रविवार सुबह डायल-112 की स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई। सामने से आ रही तेज रफ्तार ओमनी वैन को बचाने के प्रयास में पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब पांच फीट गहरे पानी से भरे धान के खेत में जा गिरा। राहत की बात रही कि वाहन में सवार पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
जानकारी के मुताबिक डायल-112 की टीम मुनौवरपुर से विषधन की ओर गश्त कर रही थी। वाहन में हेड कांस्टेबल मधुव्रत, सिपाही आदर्श कुमार और छोटे सिंह मौजूद थे। विषधन कस्बे के पास सामने से तेज रफ्तार ओमनी वैन आती दिखाई दी। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को किनारे किया, लेकिन स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे धान के खेत में भरे पानी में जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर की सहायता लेकर डायल-112 वाहन को खेत से बाहर निकलवाया। बताया गया कि हादसे में पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और वाहन को भी कोई बड़ी क्षति नहीं हुई।
थाना प्रभारी के अनुसार, ओमनी वैन को बचाने के प्रयास में डायल-112 वाहन खेत में चला गया था। पुलिसकर्मियों और वाहन को सुरक्षित बताया गया है।


