नवावगंज /फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के चकरपट्टी गांव में रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर कथित “सजा” दी गईं । एक विवाहित महिला और उसके रिश्ते के देवर के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। महिला ने आरोप लगाया है कि दोनों को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
मामले के अनुसार गांव निवासी महिला का अपने रिश्ते के देवर से लंबे समय से संपर्क था। परिजनों को दोनों के मेलजोल पर पहले से शक था और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आरोप है कि 17 मई को युवक महिला के घर पहुंचा, जहां परिजनों ने दोनों को एक कमरे में पकड़ लिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद परिवार के लोगों ने युवक के साथ मारपीट की और दोनों को घर के आंगन में लाकर जूतों की माला पहना दी। इतना ही नहीं, दोनों को गांव की गलियों और मुख्य मार्ग पर ले जाकर लोगों के सामने खड़ा किया गया। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और आने-जाने वालों को उनके संबंधों के बारे में बताया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों को गांव में दोबारा न आने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अपमान और भय के कारण दोनों गांव छोड़कर मथुरा, हाथरस और अन्य स्थानों पर चले गए। कुछ दिनों बाद महिला फर्रुखाबाद लौटी और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
महिला ने अपने परिजनों पर मारपीट, धमकी और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही अपने तीन बच्चों को वापस दिलाने की भी मांग की है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। हालांकि जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाने के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


