44.5 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

करनपुरघाट में भीषण अग्निकांड, दो परिवारों की गृहस्थी जलकर राख

Must read

करनपुरघाट में भीषण अग्निकांड, दो परिवारों की गृहस्थी जलकर राख

अमृतपुर

थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम करनपुरघाट में गुरुवार देर रात अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की पूरी गृहस्थी तबाह कर दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई मीटर ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।जानकारी के अनुसार ग्राम करनपुरघाट निवासी रामबाबू पुत्र रामभजन तथा रंजीत पुत्र रामबाबू के घर में गुरुवार रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों परिवारों के मकानों व गृहस्थी के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावह लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए।गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर आंगन में सो रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यदि परिजन घर के अंदर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।अग्निकांड में कपड़े, सोलर प्लेट व बैटरी, भूसा, पांच कुंतल से अधिक गेहूं सहित घरेलू उपयोग का अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। वहीं राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई है। लेखपाल को फोन के माध्यम से अवगत करा दिया गया है, ताकि नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
ग्रामीणों के अनुसार आग लगने का कारण सोलर बैटरी से निकली चिंगारी हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि वे दोबारा अपनी गृहस्थी खड़ी कर सकें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article