लखनऊ। सामाजिक सरोकार और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण उस समय देखने को मिला जब लाइफ वन वेलनेस कंपनी की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जरूरतमंदों और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर लाइफ वन वेलनेस के प्रबंध निदेशक सौरभ गुप्ता स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और अपने हाथों से भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। उनके इस कदम की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
भंडारे के दौरान सौरभ गुप्ता ने कहा कि व्यवसाय और सफलता के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना भी प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा, “जीवन में कुछ काम इंसानियत के नाम भी होने चाहिए। जरूरतमंदों की सेवा और लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने से बड़ी कोई उपलब्धि नहीं हो सकती।”
उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलती है। यही भारतीय संस्कृति की पहचान भी है कि सुख-दुख में सभी लोग एक-दूसरे के साथ खड़े रहें।
भंडारे में पहुंचे लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में सेवा और मानवता का संदेश देने वाले ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और समर्पण का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी जनसेवा और सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। भंडारे में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


