नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के साथ ही भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय दर्ज हो गया है। लगातार तीसरी बार देश की सत्ता संभाल रहे नरेंद्र मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक कार्यरत रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस अवसर पर देश ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों के नेताओं ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं भेजी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को भाजपा ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है। पार्टी का दावा है कि इस दौरान भारत ने आर्थिक, सामरिक, डिजिटल और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। वहीं विपक्ष सरकार के दावों और उपलब्धियों पर सवाल भी उठा रहा है, लेकिन यह तथ्य अपनी जगह कायम है कि मोदी भारतीय लोकतंत्र के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हो चुके हैं।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गीओ गोर ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
वहीं अनवर इब्राहिम ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं भेजीं। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने में मोदी की भूमिका की सराहना की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 12 वर्षों का यह सफर केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं बल्कि भारतीय राजनीति की दिशा बदलने वाला दौर साबित हुआ है। केंद्र की योजनाओं, विदेश नीति और मजबूत राजनीतिक पकड़ ने नरेंद्र मोदी को वैश्विक मंच पर भी एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित किया है।
अब जब मोदी सरकार अपने नए कार्यकाल में प्रवेश कर चुकी है, तो देश और दुनिया की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले वर्षों में भारत विकास, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के मोर्चे पर कौन-कौन से नए कीर्तिमान स्थापित करता है।


