नवाबगंज ब्लॉक के जरहारी गांव में एक सड़क दुर्घटना में 16 वर्षीय किशोरी मिलन गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस सेवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल किशोरी को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
मिलन, पुत्री गबड़े सिंह, सड़क दुर्घटना का शिकार होने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी जितेंद्र कुमार और पायलट अभिषेक घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
एम्बुलेंस टीम ने रक्तस्राव को नियंत्रित किया और मरीज के वाइटल साइन की लगातार निगरानी की। टेलीकम्युनिकेशन के माध्यम से ईआरसीपी डॉ. राहुल के निर्देशन में आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद किशोरी को सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज, फर्रुखाबाद पहुंचाया गया।
इस सफल बचाव अभियान को हाल ही में आयोजित कम्प्यूटर बेस्ड ट्रेनिंग (सीबीटी) का सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है, जिसमें 102 और 108 सेवाओं के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियनों को संयुक्त रूप से प्रशिक्षित किया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों और परिजनों ने एम्बुलेंस टीम की त्वरित प्रतिक्रिया और कुशल कार्यशैली की सराहना की। सरकार द्वारा संचालित 102 एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों के लिए लगातार जीवनदायिनी साबित हो रही है।


