फर्रुखाबाद। शहर में देर रात ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। तेज रफ्तार कार को ओवरटेक करने से नाराज कार सवारों ने बाइक सवार युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शहर में एक बाइक सवार युवक ने रास्ते में जा रही एक तेज रफ्तार कार को ओवरटेक कर लिया। आरोप है कि इससे नाराज कार सवारों ने युवक को गालियां देना शुरू कर दिया। युवक द्वारा विरोध जताने पर कार में सवार पांच से छह लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों से बचने के लिए युवक पास की एक दुकान में घुस गया, लेकिन आरोपित उसका पीछा करते हुए दुकान के अंदर पहुंच गए और वहां भी मारपीट जारी रखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवारों ने युवक को बेल्ट, लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा, जिससे वह घायल हो गया।
बताया गया है कि जिस दुकान में युवक ने शरण ली थी, वहीं उसके परिवार के सदस्य भी रहते हैं। बेटे को पिटता देख परिवार के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन विवाद और बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट होने लगी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पर मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


