इटावा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश और देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे किसान, नौजवान और आम जनता सबसे अधिक प्रभावित हो रही है।
इटावा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्याम लाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं पा रहा है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को नौकरी देना ही नहीं चाहती और भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार देरी की जा रही है।
श्याम लाल पाल ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई आज प्रदेश की सबसे बड़ी समस्याएं बन चुकी हैं। सरकार को जनता के बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को उसके कामकाज के आधार पर जवाब देगी और समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
भाजपा सरकार में महंगाई चरम पर, किसान-नौजवान परेशान : श्याम लाल पाल


