एक बच्चे की मां बनने के बाद सामने आई सच्चाई, ससुराल पहुंचने पर नहीं मिली एंट्री
नवाबगंज। प्रेम संबंधों के बाद मंदिर में विवाह करने और साथ रहने के दौरान एक बच्चे की मां बनी महिला को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसे अपने पति के पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली। आरोप है कि युवक ने न केवल महिला और उसके बच्चे का साथ छोड़ दिया, बल्कि ससुराल पक्ष के लोगों ने भी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और पांच लाख रुपये लेकर संबंध समाप्त करने का दबाव बनाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव रशीदपुर निवासी एक महिला की लगभग तीन वर्ष पूर्व गांव हाथीपुर, मऊदरवाजा में रहने के दौरान नगला चंदेला निवासी एक युवक से मुलाकात हुई थी, जो एक बैंक में कार्यरत बताया गया है। महिला का आरोप है कि उस समय वह नाबालिग थी और युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। वर्ष 2024 में युवक उसे फर्रुखाबाद स्थित एक मंदिर में ले गया, जहां दोनों ने विवाह कर लिया।
पीड़िता के अनुसार विवाह के बाद दोनों पति-पत्नी की तरह गांव हाथीपुर में किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान उनके यहां एक बच्चे का जन्म हुआ और परिवार सामान्य रूप से चलता रहा। लेकिन कुछ समय पूर्व महिला को पता चला कि जिस युवक के साथ उसने शादी की है, वह पहले से ही शादीशुदा है। यह जानकारी मिलने के बाद महिला ने युवक के घर जाकर उससे जवाब मांगने का प्रयास किया।
महिला का आरोप है कि इस बात को लेकर युवक ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसे और उसके बच्चे को छोड़कर दिल्ली में रहने वाले अपने भाई के पास चला गया। इसके बाद 13 अप्रैल को जब महिला अपने बच्चे को लेकर युवक के पैतृक घर नगला चंदेला पहुंची, तो वहां मौजूद परिजनों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया।
पीड़िता का आरोप है कि युवक के परिजनों ने उससे कहा कि वह पांच लाख रुपये लेकर उनके पुत्र का साथ छोड़ दे। जब महिला ने स्वयं को युवक की पत्नी बताते हुए अपने वैवाहिक अधिकारों की बात कही, तो परिजनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और उसे तथा उसके मासूम बच्चे को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर युवक और उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर मंदिर में की शादी, युवक के पहले से विवाहित होने का खुलासा, महिला ने दर्ज कराया मुकदमा


