नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी। जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता संसद मार्ग थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने “इंकलाब ज़िंदाबाद” और “युवा अधिकारों” के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के तेवरों को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दी।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी संस्थापक अभिजीत दिपके और उनके सहयोगियों ने किया। आंदोलन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकारें गंभीर नहीं हैं। इसी के विरोध में उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की।
संसद मार्ग थाना और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, हालांकि नारेबाजी के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र का माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।
दिल्ली में हुए इस प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। समर्थकों ने इसे युवाओं की आवाज बताया, जबकि विरोधी दल इसे राजनीतिक स्टंट करार दे रहे हैं। फिलहाल राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी का यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।


