– अस्पताल के बाहर शव रखकर परिजनों का हंगामा
इटावा। जिले में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत से आक्रोश फैल गया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। मामला थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र स्थित दिव्यांशी हॉस्पिटल का बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में सही इलाज नहीं दिया गया और उपचार के दौरान हुई कथित लापरवाही तथा संक्रमण (इन्फेक्शन) के कारण महिला की जान चली गई। परिजनों का कहना है कि समय रहते उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती तो महिला को बचाया जा सकता था।
घटना से नाराज परिजनों ने महिला का शव अस्पताल के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिससे वहां तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर अस्पताल के उपचार रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर निजी अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।


