कायमगंज, फर्रुखाबाद। दिल्ली रोड स्थित एक फैमिली ढाबे में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया था जब बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने होटल संचालक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपित भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव दमदमा निवासी अब्दुल अजीम खान दिल्ली रोड पर स्थित अपने प्रतिष्ठान पुराना राज दरबार फैमिली ढाबा पर सोमवार दोपहर मौजूद थे। तभी कलाखेल मोहल्ला निवासी असफर खान, शानू और कैफ अहमद खान बाइक से वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने आते ही अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने पहले कहासुनी की और फिर जानलेवा इरादे से लाठी-डंडों तथा लोहे की सरियों से हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले से ढाबे में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में अब्दुल अजीम खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दे गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होटल संचालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों भाइयों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


