31 जुलाई तक होगा ऑनलाइन नामांकन
फर्रुखाबाद। जनपद के प्रतिभाशाली और असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी) के लिए पात्र बच्चों को नामित किए जाने संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल कर समाज और देश का नाम रोशन किया है।
जानकारी के अनुसार यह पुरस्कार छह प्रमुख श्रेणियों— बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी— में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को दिया जाता है। पुरस्कार के लिए ऐसे बच्चे पात्र होंगे जिनकी आयु 31 जुलाई 2026 तक 5 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम हो तथा वे भारत के नागरिक हों।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के विद्यालयों, खेल संस्थानों एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि रखने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें आवेदन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों तक योजना की जानकारी पहुंच सके।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक एवं पात्र बच्चे या उनके अभिभावक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://awards.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा है कि जनपद के प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे फर्रुखाबाद के अधिक से अधिक योग्य बच्चों का नामांकन इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए सुनिश्चित हो सके।


