लखनऊ। राजधानी के चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर महिला हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दहेज हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी सागर लोधी को सआदतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की निगरानी में था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सागर लोधी इन दिनों किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन था। जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह फरार होने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी और ट्रॉमा सेंटर यूनिट-1 के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला सोशल मीडिया पर सक्रिय एक महिला इंफ्लूएंसर की संदिग्ध मौत के बाद सुर्खियों में आया था। परिजनों ने घटना को दहेज हत्या बताते हुए पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सागर लोधी को मुख्य आरोपी के रूप में नामजद किया था। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं मृतका के परिजनों ने गिरफ्तारी पर संतोष जताते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।


