– रातभर तलाश के बाद सुबह हुई दर्दनाक खोज
फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के परतापुर कला गांव में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम छा गया। मंगलवार शाम पशुओं को पानी पिलाने और नहलाने के लिए घर से निकले 70 वर्षीय शिशुपाल का शव बुधवार सुबह गांव के निकट स्थित सोता नाला में मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार शिशुपाल मंगलवार शाम रोजाना की तरह अपने पशुओं को लेकर सोता नाला की ओर गए थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के खेतों, रास्तों और संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने मामले की सूचना अमृतपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से तलाश अभियान शुरू कराया। खोजबीन के दौरान नाला किनारे वृद्ध के कपड़े, जूते और लाठी पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई।
रातभर पुलिस और ग्रामीणों द्वारा तलाश जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बुधवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने नाले में एक शव उतराता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान शिशुपाल के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव में शोक का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


