फर्रुखाबाद। भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर फर्रुखाबाद जनपद में 1 और 2 जून को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तेज आंधी, गरज-चमक, वज्रपात और वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से सतर्क रहने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों में इनकी गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 2 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। दोनों दिनों में मेघगर्जन, वज्रपात और वर्षा की भी संभावना व्यक्त की गई है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण कच्चे और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने की आशंका है, जिससे विद्युत आपूर्ति और यातायात भी प्रभावित हो सकता है। कृषि क्षेत्र पर भी इसका असर पड़ने की संभावना है। विशेष रूप से गन्ना, मक्का, दलहन और सब्जी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें। आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में रहें, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक जिले और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। प्रशासन ने नागरिकों से केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर भरोसा करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग या नियंत्रण कक्ष को सूचना देने का अनुरोध किया है।


