फर्रुखाबाद। सोमवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं चरमरा गईं। ओपीडी खुलते ही पर्चा बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ अधिक होने के कारण पर्चा काउंटर पर महिलाओं के बीच पहले आगे पर्चा बनवाने को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताते चले की सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही। पर्चा काउंटर पर पर्याप्त जगह न होने और लंबी कतारों के कारण लोगों में जल्दबाजी देखने को मिली। इसी दौरान कई महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को कतारबद्ध होकर पर्चा बनवाने की सलाह दी।
भीड़ का दबाव केवल पर्चा काउंटर तक ही सीमित नहीं रहा। अस्पताल के विभिन्न चिकित्सकों के कक्षों के बाहर भी मरीजों और तीमारदारों की लंबी लाइनें लगी रहीं। कई स्थानों पर मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करने में काफी समय लगा। भीड़ के कारण अस्पताल परिसर में अव्यवस्था जैसी स्थिति बनी रही और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी और मौसम में हो रहे बदलाव के चलते इन दिनों बुखार, सर्दी-जुकाम, वायरल संक्रमण तथा अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते जिला अस्पताल की ओपीडी पर अतिरिक्त दबाव देखने को मिल रहा है।
लोहिया अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़, पर्चा काउंटर पर धक्का-मुक्की से मचा हंगामा


