अलीगढ़। सोमवार को एक अलग और चर्चा का विषय बना प्रदर्शन देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर गाय को राष्ट्र पशु घोषित किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर एकत्र होकर अपनी मांग के समर्थन में नारेबाजी की और बाद में एसीएम प्रथम विनीत मिश्रा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि गाय भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। उनका तर्क था कि गाय केवल एक धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि देश की सामाजिक और आर्थिक संरचना से भी जुड़ी हुई है। इसलिए उसे राष्ट्र पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन राष्ट्र पशु का दर्जा मिलने से गौवंश संरक्षण को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस विषय पर केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखने की मांग की।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा रही। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई। एसीएम प्रथम विनीत मिश्रा ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।


