– पीड़ित परिवार बोला- “अब बुलडोजर भी चले”
गाजियाबाद।चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान दोनों ओर से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस का दावा है कि असद शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। खुफिया सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में कई टीमें लगी हुई थीं।
उधर, आरोपी के एनकाउंटर की खबर के बाद मृतक सूर्या चौहान के परिवार की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। सूर्या की मां सरोज ने कहा कि जिस तरह उनके बेटे की निर्मम हत्या की गई, उसी तरह अपराधियों को भी सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि असद और उसके सहयोगियों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाए।
सरोज ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें असद की लाश की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए ताकि उन्हें यकीन हो सके कि उनके बेटे के हत्यारे को उसके अपराध की सजा मिल गई है। उन्होंने कहा कि परिवार को जो पीड़ा मिली है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती, लेकिन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई से न्याय की उम्मीद जरूर जगी है।
इस एनकाउंटर के बाद पूरे गाजियाबाद में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


