चित्रकूट: चित्रकूट (Chitrakoot) में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा (road accident) हुआ है, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार 2 भाइयों को ठोकर मार दी। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बता दें कि घटना सरधुवा थाना क्षेत्र अरछा बरेठी गांव के पास उस वक्त घटी, जब 2 सगे भाई बाइक से तेली कार्यक्रम के लिए दूध लेने के लिए अपनी बुआ के घर गए थे। दोनों बुआ के घर से दूध लेकर अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा होता देख राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
वहीं जानकारी मिलते ही पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में एक भाई की मौत हो गई। वहीं दूसरे की हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर किया गया। रास्ते में दूसरे की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान गणेश दत्त (35) और रंजन कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाने की बात पुलिस कह रही है।


