लखनऊ। प्रदेश सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की धीमी प्रगति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाराज बताए जा रहे हैं। इसी को लेकर मुख्यमंत्री अब सीएम डैशबोर्ड की बड़ी समीक्षा बैठक करने जा रहे हैं, जिसमें विभागवार प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड देखा जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास लखनऊ में होने वाली इस अहम बैठक में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों और अधिकारियों से सीधे जवाब तलब होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री विशेष रूप से उन विभागों पर फोकस करेंगे, जहां योजनाओं की प्रगति धीमी है या जनता की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। बिजली, राजस्व, नगर विकास, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग समेत कई विभागों के कामकाज की गहन समीक्षा हो सकती है।
प्रदेश सरकार लगातार अधिकारियों को समयबद्ध और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने के निर्देश दे रही है। बावजूद इसके कई जिलों में विकास कार्यों की गति और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
माना जा रहा है कि बैठक के बाद कई विभागों में जवाबदेही तय होने के साथ प्रशासनिक सख्ती भी बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि लापरवाही, भ्रष्टाचार और जनता की समस्याओं के प्रति उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


