लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट और सरकार की कार्यशैली को लेकर मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जनता अब भाजपा सरकार से पूरी तरह परेशान हो चुकी है और आने वाले समय में उसे “धो-पटककर सुखा देगी”।
अखिलेश यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में आखिर बिजली मंत्री दिखाई क्यों नहीं देते। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि या तो बिजली मंत्री को बैठकों में बुलाया नहीं जाता या फिर वे खुद नहीं आते, सरकार को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार के अंदरूनी तालमेल पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री और बिजली मंत्री को कभी एकांत में साथ नहीं देखा, जिससे सरकार के भीतर समन्वय की कमी साफ दिखाई देती है।
प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती, ग्रामीण इलाकों में लो-वोल्टेज और शहरों में ट्रिपिंग की समस्या को लेकर विपक्ष पहले से सरकार पर हमलावर है। सपा इसे सरकार की विफलता बताते हुए जनता के मुद्दों पर भाजपा को घेरने में जुटी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिजली संकट को लेकर विपक्ष आने वाले दिनों में और आक्रामक रुख अपना सकता है, क्योंकि गर्मी बढ़ने के साथ प्रदेश में बिजली आपूर्ति बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है।


