लखनऊ। राजधानी में अवैध निर्माण और जमीन कब्जे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज गार्डन परिसर को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि यह निर्माण वक्फ तकिया खुदायार खां की जमीन पर किया गया था, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
एलडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार जांच में निर्माण को अवैध पाया गया था और जमीन पर कब्जे की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
सूत्रों के मुताबिक संबंधित पक्ष को पहले नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद एलडीए ने सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हलचल का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रदेश सरकार की अवैध कब्जों और भू-माफियाओं के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अब वक्फ संपत्तियों पर अवैध निर्माण और कब्जों की भी जांच तेज कर दी गई है।
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में सरकारी, वक्फ और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


