फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव बिरियाटाड़ा निवासी एक युवक ने मेटाडोर मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि हादसे में घायल होने के बाद न तो उसका इलाज कराया जा रहा है और न ही उसके नाम पर लिए गए लोन से उसे राहत मिल रही है।
पीड़ित राजीव पुत्र रामनिवास ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव के ही मनोज पुत्र राम बहादुर की मेटाडोर पर हेल्पर के रूप में कार्य करता था। कुछ दिन पहले वह अलीगढ़ से माल उतारकर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में मेटाडोर का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजीव के अनुसार, हादसे के बाद उसे पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय मेटाडोर मालिक मनोज द्वारा इलाज कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में परिजनों को ही इलाज कराना पड़ा। आरोप है कि अब मनोज इलाज का खर्च देने से इंकार कर रहे हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग करते हुए आरोपी ने उसके नाम पर लोन ले लिया। अब संबंधित फाइनेंस कंपनी द्वारा उससे पैसे की वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वह और उसका परिवार परेशान है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने, इलाज का खर्च दिलाने तथा करीब 20 हजार रुपये के लोन की जिम्मेदारी आरोपी से दिलवाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मेटाडोर हादसे में घायल हेल्पर ने लगाया आरोप, इलाज के खर्च और लोन दिलाने की लगाई गुहार


