मोहम्मदाबाद
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शेखपुर खजुरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम चौरसिया मझोला निवासी राहुल ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उसकी बहन जूली की शादी वर्ष 2023 में शेखपुर खजुरी निवासी अनीस कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से अतिरिक्त दहेज में नकदी व बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप है कि 5 मार्च 2026 की रात जूली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा तो विवाहिता का शव घर में पड़ा मिला। प्रार्थी का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति अनीस कुमार, जेठ अजीत कुमार, सर्वेश कुमार व अल्का के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता की मौत मामले में न्यायालय के आदेश पर पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज


