
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में पलटी बस
उन्नाव। मंगलवार (26 मई) की सुबह उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक उपनिरीक्षक (दरोगा), एक बंदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन सिपाही भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बस चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। चालक के नियंत्रण खोने पर बस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
दरोगा और बंदी की हादसे में मौत
हादसे में मृत उपनिरीक्षक रामजी राम और बंदी छत्रपाल सिंह तोमर बिहार के सिवान जनपद से जुड़े थे। जानकारी के अनुसार सिवान पुलिस लाइन में तैनात पुलिसकर्मी बंदी छत्रपाल सिंह तोमर को गवाही के लिए गुरुग्राम लेकर गए थे और वहां से वापस सिवान लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
घायलों में शामिल तीनों सिपाहियों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों के नाम आए सामने
हादसे में मृतकों की पहचान विजय गुप्ता, रवि वरन, सूरज जमालाल, पल्लव कुमार, उपनिरीक्षक रामजी राम और छत्रपाल सिंह तोमर के रूप में हुई है। सभी शवों को उन्नाव शवगृह में रखवाया गया है।
वहीं हादसे में घायल 21 लोगों का इलाज चल रहा है। एक महिला यात्री बिंदु देवी को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बस में सवार थे बिहार के अधिकांश यात्री
जानकारी के अनुसार डबल डेकर बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश यात्री बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अनूप तिवारी ने हादसे में 6 लोगों की मौत और 21 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की।


