आगरा में रविवार शाम चाैपाटी पर जिप लाइन एडवेंचर के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र कुनाल की मौत हो गई। कुनाल अपने परिवार के साथ घूमने आया था और एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लेने के लिए उत्साहित था। वह लंबे समय से जिप लाइन ट्राय करने की जिद कर रहा था, जिसके बाद माता-पिता उसे और उसके छोटे भाई मयंक के साथ आगरा लेकर पहुंचे थे।
परिवार ने दिन की शुरुआत जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन से की और इसके बाद मॉल में फिल्म देखने भी गए। शाम करीब 4 बजे वे चाैपाटी पहुंचे और जिप लाइन का टिकट लेने के बाद अपनी बारी का इंतजार करने लगे। लगभग 6 बजे जिप लाइन राइड के दौरान अचानक कुनाल नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार का खुशहाल दिन मातम में बदल गया।
घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार अपने बेटे को गोद में लेकर उसे बचाने की गुहार लगाती रहीं। पिता भी सदमे में बेसुध हो गए और बाद में होश आने पर बेटे से लिपटकर रोते रहे। वहां मौजूद लोगों ने परिवार को संभालने की कोशिश की, लेकिन माहौल बेहद भावुक और दर्दनाक हो गया।
कुनाल के छोटे भाई मयंक और अन्य रिश्तेदार भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं। परिवार पहले रिश्तेदारों से मिलने और घूमने के इरादे से आया था, लेकिन यह यात्रा जीवनभर का दर्द दे गई। घटना के बाद आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए और प्रशासनिक जांच की मांग की जा रही है।


