36 C
Lucknow
Saturday, July 11, 2026

राज्यपाल ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में उत्कृष्ट योगदान पर पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ व जिला प्रशासन को किया सम्मानित

Must read

फर्रुखाबाद। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से चलाए गए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ एवं जिला प्रशासन फर्रुखाबाद के उल्लेखनीय सहयोग को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला है। अभियान के सफल संचालन और बेहतर समन्वय के लिए उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ एवं जिला प्रशासन फर्रुखाबाद की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 1108 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराया गया। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करना तथा उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय के साथ कार्य किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी पूरी सक्रियता से टीकाकरण अभियान को संचालित किया, जिससे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बड़ी संख्या में बालिकाओं का टीकाकरण संभव हो सका।
अभियान की सफलता को देखते हुए राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पुलिस प्रशासन फतेहगढ़ एवं जिला प्रशासन फर्रुखाबाद के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों को इसी प्रकार प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article