35.2 C
Lucknow
Saturday, July 11, 2026

भारत विकास परिषद सहयोग शाखा ने मनाया स्थापना दिवस

Must read

– विचार गोष्ठी के साथ फलदार पौधों का किया वितरण

फर्रुखाबाद। भारत विकास परिषद, सहयोग शाखा, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर बढ़पुर स्थित श्री संजय दुबे के प्रतिष्ठान वी.एन. कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार सायं 5 बजे एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के उद्देश्य, स्थापना की पृष्ठभूमि तथा सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. आर.के. गुप्ता एवं वरिष्ठ समाजसेवी संजय दुबे ने भारत विकास परिषद की स्थापना के उद्देश्य, उसके इतिहास तथा राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद सेवा, संस्कार, समर्पण और संगठन के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता और संस्कारों का प्रसार करना भी है।

गोष्ठी का प्रभावी संचालन वरिष्ठ सदस्य के.के. पाठक ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय महिला सहभागिता प्रमुख श्रीमती अनीता पाठक ने देश को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता, संतुलित आहार तथा महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए एनीमिया जैसी समस्या के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना होगा।

सहयोग शाखा की अध्यक्षा श्रीमती रीता दुबे ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 12 जुलाई 2026 को सहयोग शाखा के तत्वावधान में स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में प्रातः 8 बजे वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में शाखा की सचिव श्रीमती मंजूश्री, कोषाध्यक्ष श्रीमती आशा वर्मा, महिला सहभागिता श्रीमती रचना वर्मा, आर.के. वर्मा, श्रीमती सुनीता पुरवार, डॉ. श्यामा वर्मा, अवधेश दुबे सहित अनेक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

गोष्ठी के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी उपस्थित सदस्यों को फलदार पौधों का वितरण किया गया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article