यूथ इंडिया | लखनऊ
राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (RMLNLU) में देर रात आयोजित डांस पार्टी पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। मामले में 84 छात्र-छात्राओं की पहचान कर सभी पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय परिसर के बास्केटबॉल मैदान में देर रात डांस और तेज म्यूजिक के साथ पार्टी आयोजित की गई थी। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 84 विद्यार्थियों की पहचान हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। घटना के बाद छात्रों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं। वहीं छात्रों के एक वर्ग का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर पहले स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं दिए गए थे। फिलहाल पूरे मामले को लेकर कैंपस में चर्चाएं तेज हैं।


