31 C
Lucknow
Sunday, May 24, 2026

घटिया सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, जांच के बाद रुका काम

Must read

 

शमशाबाद/फर्रुखाबाद।
विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम पसियापुर में निर्माणाधीन सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। घटिया निर्माण कार्य और ठेकेदार की लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना मानकों का पालन किए सड़क निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसियापुर से मुख्य मार्ग तक करीब 600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 4 लाख 60 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। न तो सड़क के दोनों किनारों की खुदाई कराई गई और न ही साफ-सफाई की कोई व्यवस्था की गई। इसके बावजूद सीधे ऊपर से डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया, जो पूरी तरह मानकों के विपरीत है।
ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटिया निर्माण कार्य की जानकारी हुई, वे मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया।
मामले की सूचना लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भी निर्माण कार्य में खामियां पाई, जिस पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवा दिया।
अधिकारियों ने ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि पहले सड़क किनारे उचित खुदाई और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके बाद ही गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में भी घटिया निर्माण कार्य किया गया तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article