कंपिल/फर्रुखाबाद।
थाना क्षेत्र के गांव बिल्हा में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक पुराने मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में दादी और उनकी नातिन मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बिल्हा निवासी रम्मू सिंह की पत्नी बिट्टन देवी रविवार शाम अपने पुराने घर में थीं। उनके साथ उनकी नातिन आराध्या भी कमरे में लेटी हुई थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पास ही स्थित दूसरे मकान में मौजूद थे। तभी देर रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक कमरे का जर्जर लिंटर भरभराकर गिर गया।
लिंटर गिरते ही दोनों दादी-नातिन मलबे में दब गईं और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जर्जर भवनों की जांच कराकर समय रहते उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
कमरे का लिंटर गिरने से दादी-नातिन गंभीर घायल, मची अफरा-तफरी


