Moradabad के घनी आबादी वाले लालबाग इलाके में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की तीसरी मंजिल की छत पर रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सिलिंडर के टुकड़े करीब 100 मीटर दूर तक जा गिरे और आसपास के कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं। घटना के समय इलाके का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बताया गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। तेज धमाके और धुएं की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
यह घटना मुगलपुरा थाना क्षेत्र के लालबाग कहारों वाले मंदिर के पास गली नंबर एक में रहने वाले मोहम्मद इमरान के घर पर हुई। बताया गया कि शुक्रवार रात उनके यहां मेहमान आए थे और गर्मी अधिक होने के कारण छत पर खाना बनाया गया था। खाना बनने के बाद गैस सिलिंडर और अन्य सामान छत पर ही छोड़ दिया गया। जिस स्थान पर सिलिंडर रखा गया था, उसके ठीक पास एयर कंडीशनर की आउटडोर यूनिट भी लगी हुई थी, जिससे लगातार गर्म हवा निकल रही थी।
परिजनों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे भीषण गर्मी और एसी यूनिट की लगातार तपिश के कारण सिलिंडर अचानक फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि छत की दीवारें टूट गईं और सिलिंडर के कई हिस्से आसपास के मकानों की छतों तक जा पहुंचे। घटना के दौरान ईंटें और मलबा हवा में उछल गया, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो कोई बड़ा विस्फोट हुआ हो।
गनीमत रही कि हादसे के समय छत पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि धमाके से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और लोग अब भी सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में गैस सिलिंडर और बिजली उपकरणों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा हालात को संभाला गया।


