“दुनिया भारत के युवाओं और टेक्नोलॉजी से प्रभावित, 2047 का विकसित भारत आपके हाथों बनेगा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए युवाशक्ति को भारत के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों और वैश्विक नेताओं से बातचीत के दौरान हर जगह भारत के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता की चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अब विश्व भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहता है और भारतीय युवाओं को वैश्विक अवसर देने के लिए सरकार लगातार नए रास्ते खोल रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा और अन्य सरकारी विभागों में नियुक्त हुए युवा अब केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण के भागीदार बनने जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रही है। इसके लिए सेमीकंडक्टर, शिपबिल्डिंग, एविएशन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है, जिससे लाखों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण की मजबूत सप्लाई चेन तैयार की जा रही है और आने वाले वर्षों में भारत की कई यूनिट्स वैश्विक पहचान बनाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार देश के युवाओं को केवल नौकरी ही नहीं बल्कि “ग्लोबल एक्सपोजर” भी देना चाहती है, ताकि भारतीय प्रतिभा विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सके। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान रोजगार पाने वाले युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया।
रोजगार मेले को केंद्र सरकार की बड़ी पहल माना जा रहा है, जिसके जरिए लगातार युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं। राजनीतिक और आर्थिक जानकार इसे 2047 के विकसित भारत विजन से जोड़कर देख रहे हैं, जहां युवाओं की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है।


