34 C
Lucknow
Friday, May 22, 2026

गैस सिलेंडर में लगी आग से लाखों का नुकसान, नगदी-जेवर समेत पूरी गृहस्थी राख

Must read

मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुर के मजरा खजुरी में गैस सिलेंडर में आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सामान, नगदी और जेवर तक नहीं बच सके। पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नवाबगंज स्थित ओम साईं एचपी गैस एजेंसी का हॉकर गैस सिलेंडर देकर गया था। पीड़िता सविता पत्नी फूल सिंह की 15 वर्षीय पुत्री दीक्षा ने जैसे ही सिलेंडर जलाया, तभी सिलेंडर के बीच वाले हिस्से से अचानक आग निकलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग बुझाने के लिए हॉकर समेत ग्रामीणों ने काफी प्रयास किए। गांव निवासी प्रभुदयाल अपनी निजी पानी की टंकी ट्रैक्टर से मौके पर लेकर पहुंचे, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक घर में रखी पूरी गृहस्थी, जेवर और करीब 1.75 लाख रुपये से अधिक की नगदी जलकर राख हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार आग लगने के बाद सिलेंडर देने वाला हॉकर रेगुलेटर, पाइप और सिलेंडर अपने साथ लेकर चला गया।
पीड़िता सविता ने बताया कि उसके पति फूल सिंह शाहबाद स्थित गन्ना मिल में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। सविता अपने पांच बच्चों — दीक्षा (15 वर्ष), प्रतीक्षा (11 वर्ष), मोनिका (7 वर्ष), अद्रीका (2 वर्ष) और छह माह के रुद्रांश — के साथ घर पर अकेली थी।
पीड़ित परिवार ने कुल 6 से 7 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। परिजनों का कहना है कि क्षेत्रीय लेखपाल आशीष पाल को भी सूचना दे दी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक उन्होंने मौके का मुआयना नहीं किया था।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article