फर्रुखाबाद। मई माह के अंतिम दिनों में एक बार फिर भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। लगातार बढ़ता पारा अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग उमस भरी गर्मी और तेज धूप से बेहाल नजर आ रहे हैं। ऐसे हालात में लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में संकट जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
पिछले सप्ताह मौसम में आए विक्षोभ के कारण चली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली थी, लेकिन अब वही हवाएं गर्म लपटों में बदलती दिखाई दे रही हैं। सुबह से ही तेज धूप लोगों को झुलसाने लगती है और दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय लोगों की आवाजाही कम हो रही है। सबसे अधिक परेशानी दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, किसानों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।
मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है। विभाग की ओर से जारी अपडेट में लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। गर्म हवाओं के कारण बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पतालों में बुखार, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।
वहीं दूसरी ओर बिजली व्यवस्था भी लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है। लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार बिजली का आना-जाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। दिन में तेज गर्मी और रात में बिजली गुल होने से लोग चैन की नींद तक नहीं ले पा रहे हैं। कई मोहल्लों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल संकट की स्थिति भी बनने लगी है। इन्वर्टर जवाब देने लगे हैं और छोटे बच्चों व बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर दिखाई दे रही है। खेतों में काम करने वाले किसान तेज धूप में काम करने को मजबूर हैं। तालाब और जलस्रोत सूखने लगे हैं, जिससे पशु-पक्षियों को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। यदि जल्द ही मौसम में बदलाव नहीं हुआ और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में जनजीवन पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।
नगरवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि गर्मी के इस दौर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की उचित व्यवस्था कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
शहर से गांव तलक गर्मी की मार, बिजली की अव्यवस्था जले पे नमक


