फर्रुखाबाद। डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ओपीडी में बनी पैथोलॉजी लैब के बाहर जांच के लिए लगी लंबी कतार के बीच कुछ स्टाफ कर्मियों पर अपने परिचित मरीजों को प्राथमिकता देने का आरोप लगा। इस घटना से नाराज महिलाओं ने मौके पर जमकर हंगामा कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही पैथोलॉजी लैब के बाहर बड़ी संख्या में मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ कर्मचारी भीड़ को दरकिनार करते हुए सीधे अंदर पहुंचे और अपने मरीजों की जांच पहले कराने लगे। यह देखकर लाइन में लगी महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
महिलाओं का आरोप था कि अस्पताल में पहले से ही अव्यवस्था का माहौल है, ऊपर से स्टाफ द्वारा पक्षपात किए जाने से आम मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद भी उन्हें समय पर जांच नहीं मिल पाती, जबकि सिफारिश वाले मरीजों को तुरंत सुविधा दी जा रही है।
हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


