लखनऊ
भीषण गर्मी के बीच राजधानी के कई इलाकों में गहराते बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और घंटों बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। फैजुल्लागंज में सोमवार देर रात करीब पांच घंटे तक बिजली न आने से नाराज लोगों ने उपकेंद्र पहुंचकर जोरदार हंगामा किया और बिजली विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं राजाजीपुरम इलाके में भी 12 घंटे तक बिजली गुल रहने से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। तेज गर्मी और उमस के कारण लोगों को रातभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फैजुल्लागंज क्षेत्र में अन्ना मार्केट के आसपास की कॉलोनियों के करीब 15 हजार उपभोक्ता ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे। मेहंदी लॉन के पास लगे 400 केवीए ट्रांसफॉर्मर और एमडी लॉन क्षेत्र के दो 250-250 केवीए ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज बार-बार उड़ते रहे। ओवरलोडिंग के चलते ककौली फीडर भी लगातार ट्रिप करता रहा, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इससे नाराज लोग उपकेंद्र पहुंच गए और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अधिशासी अभियंता पंकज गुप्ता ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और जबरन उन्हें फ्यूज ठीक कराने के लिए ले जाने लगे, जिससे काम प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लगातार तीन रातों से उपकेंद्र पर रुककर आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
उधर जानकीपुरम, आदिलनगर और आसपास के इलाकों में भी बिजली संकट गंभीर बना रहा। ओवरलोड के कारण कई जगह एबीसी केबल जल गईं, जिससे जीपीआरए उपकेंद्र से जुड़ी बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे तक ठप रही। जानकीपुरम विस्तार, सरस्वतीपुरम और अशरा हॉस्पिटल क्षेत्र में भी बिजली बाधित रही। बिजली संकट को लेकर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने नाराजगी जताई और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को तलब कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि भीषण गर्मी में जनता को इस तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है, जो बेहद चिंताजनक है। विधायक ने बिजली चोरी की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की भी मांग की।
राजाजीपुरम और पाल तिराहा उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में हालात और भी खराब रहे। करीब 1500 घरों की बिजली सोमवार रात 11 बजे गुल हो गई, जो मंगलवार सुबह तक बहाल नहीं हो सकी। नाराज लोगों ने रात में मोहान रोड जाम कर प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख उपकेंद्र के कर्मचारी वहां से चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक विरोध जारी रहा। वहीं सरीपुरा इलाके में 630 केवी ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मरम्मत के कुछ घंटों बाद ट्रांसफॉर्मर दोबारा जल गया, जिससे सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। लगातार बढ़ती गर्मी और बिजली संकट ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है और अब लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।


