लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परमार्थ निकेतन आश्रम, ऋषिकेश के प्रमुख पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन समाज और राष्ट्र के नैतिक एवं सांस्कृतिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने भी प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने अध्यात्म, सेवा और पर्यावरण संरक्षण को मानव जीवन के लिए आवश्यक बताते हुए समाज में सकारात्मक चेतना फैलाने का संदेश दिया।
गौरतलब है कि परमार्थ निकेतन देश और दुनिया में आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरणीय अभियानों के लिए विशेष पहचान रखता है। गंगा स्वच्छता, योग और वैश्विक शांति जैसे विषयों पर संस्था लगातार कार्य करती रही है।


